पंजाब सरकार के ‘वॉर ऑन गैंगस्टर्स’ अभियान के तहत अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने जिले में बड़े स्तर पर स्पेशल चेकिंग कैंपेन चलाया। एसएसपी सोहेल मीर ने बताया कि लोगों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ाने और गैंगस्टर व आपराधिक तत्वों पर शिकंजा कसने के उद्देश्य से तीन बड़ी चेकिंग की गईं। अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों, शॉपिंग मॉल, मुख्य मार्गों, रेलवे स्टेशनों और सार्वजनिक परिवहन पर विशेष निगरानी रखी गई। वाहनों की तलाशी, ड्राइविंग लाइसेंस की जांच और संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई। बसों सहित सरकारी व निजी वाहनों की भी सघन जांच हुई। एसएसपी ने बताया कि यह कार्रवाई पहले चलाए गए ‘प्रहार-1’ और ‘प्रहार-2’ ऑपरेशन की कड़ी है, जिनमें कई अपराधी गिरफ्तार किए गए और नशीले पदार्थ बरामद हुए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभियान लगातार जारी रहेगा और अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।