6 जून को ऑपरेशन ब्लू स्टार की बरसी के मद्देनजर अमृतसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इसी क्रम में पंजाब के स्पेशल डीजीपी (सुरक्षा) प्रवीण कुमार सिन्हा ने बुधवार को अमृतसर के घिउ मंडी चौक पहुंचकर सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की और ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों व जवानों से फीडबैक लिया। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी पूरे शहर और आसपास के क्षेत्रों में मजबूत सुरक्षा ग्रिड तैयार किया गया है। केंद्र सरकार की ओर से उपलब्ध कराई गई अर्धसैनिक बलों की 11 कंपनियां तैनात की गई हैं, जिनमें सीमा सुरक्षा बल, रैपिड एक्शन फोर्स और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस शामिल हैं। अकेले अमृतसर शहर में पंजाब पुलिस के करीब 4,000 जवानों के साथ 30 से अधिक अनुभवी गजटेड अधिकारी भी सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात किए गए हैं। सिन्हा ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल सुरक्षा सुनिश्चित करना ही नहीं, बल्कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधाओं का भी ध्यान रखना है, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती राज्य होने के कारण पंजाब की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है और सभी एजेंसियां पूरी तरह चौकस हैं। कलानौर की हालिया घटना के संबंध में पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि उसका 6 जून के कार्यक्रमों से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। स्पेशल डीजीपी ने दावा किया कि पंजाब पुलिस और विशेष जांच इकाइयां लगातार काम कर रही हैं तथा हाल के विस्फोट मामलों में भी महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं, जिनका जल्द खुलासा किया जाएगा।