स्वतंत्रता दिवस को लेकर अमृतसर पुलिस ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए शहर को तीन जोन में बांटकर एसीपी रैंक के अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। विभिन्न स्थानों पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की जा रही है। संदिग्ध लोगों और गतिविधियों पर भी पुलिस की पैनी नजर है। एसीपी इंदरप्रीत सिंह ने बताया कि पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर शहर में लगातार ऑपरेशन चलाए जा रहे हैं। पुलिस टीमें संयुक्त नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रही हैं। समाज विरोधी और आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई के साथ ही संभावित खतरे को देखते हुए संदिग्ध लोगों पर प्रिवेंटिव एक्शन भी लिया गया है। उन्होंने बताया कि पिछले दिनों थाना सुल्तानविंड क्षेत्र में कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 30 बोर का पिस्तौल बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया था। आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। एसीपी ने लोगों से अपील की कि स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान पुलिस और प्रशासन का सहयोग करें। यदि किसी को संदिग्ध बाइक, बैग, पैकेट या अन्य वस्तु दिखाई दे तो उसे छूने या खोलने की कोशिश न करें और तुरंत पुलिस को सूचना दें। पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर जांच करेगी। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त तक शहर में गश्त, नाकाबंदी और चेकिंग लगातार जारी रहेगी, ताकि लोग सुरक्षित माहौल में राष्ट्रीय पर्व मना सकें।