पंजाब राज्य अनुसूचित जाति आयोग के चेयरमैन जसबीर सिंह गढ़ी ने शनिवार को सचखंड श्री दरबार साहिब में नतमस्तक होकर सर्वजन के भले और सुख-शांति के लिए अरदास की। उन्होंने पवित्र परिक्रमा के दर्शन भी किए। श्री दरबार साहिब में माथा टेकने के बाद मीडिया से बातचीत में जसबीर सिंह गढ़ी ने कहा कि गुरु घर से पूरी मानवता को समानता, प्रेम और भाईचारे का संदेश मिलता है। गुरु साहिबान ने उस समय संगत और पंगत की परंपरा शुरू की, जब समाज में जात-पात और भेदभाव का बोलबाला था। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान में दिए गए समानता के अधिकारों की मूल भावना भी गुरु साहिबान की विचारधारा से मेल खाती है। बरनाला मामले पर लिया था स्वत: संज्ञान बरनाला में सफाई कर्मचारियों के साथ हुए मामले को लेकर पूछे गए सवाल पर गढ़ी ने कहा कि अनुसूचित जाति आयोग ने इस मामले का स्वत: संज्ञान लिया था। संबंधित डीएसपी को पहले ही निलंबित किया जा चुका है। पीड़ितों को आर्थिक सहायता देने के साथ-साथ निशुल्क उपचार भी उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने कहा कि प्रशासन से मांगी गई रिपोर्ट मिलने के बाद आयोग मामले में नियमानुसार अगली कार्रवाई करेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए आयोग अपनी जिम्मेदारी पूरी गंभीरता से निभाएगा।