भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व राज्यसभा सांसद अविनाश राय खन्ना ने अमृतसर स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान पंजाब के सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरों के महंगाई भत्ते (डीए) के मुद्दे पर पंजाब सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार समय-समय पर अपने कर्मचारियों और पेंशनरों को महंगाई भत्ते का लाभ देती रही है, लेकिन पंजाब सरकार अब भी कर्मचारियों के लंबित डीए का भुगतान करने में गंभीरता नहीं दिखा रही। खन्ना ने कहा कि बढ़ती महंगाई के बीच सरकारी कर्मचारियों को राहत मिलनी चाहिए। उन्होंने पंजाब सरकार से मांग की कि केंद्र की तर्ज पर कर्मचारियों और पेंशनरों का लंबित डीए जल्द जारी किया जाए, ताकि उन्हें आर्थिक राहत मिल सके। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार कर्मचारियों से किए गए वादों को पूरा करने में विफल रही है। भाजपा कर्मचारियों की जायज मांगों के साथ खड़ी है और सरकार पर उनका हक दिलाने के लिए दबाव बनाती रहेगी। पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने प्रदेश के विभिन्न समसामयिक मुद्दों पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी।