किसान-मजदूर संघर्ष कमेटी पंजाब के जोन बाबा बकाला की ओर से शनिवार को गांव कलेर घुमाण में पंजाब सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया गया। संगठन के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री भगवंत मान सरकार और क्षेत्रीय विधायक का प्रतीकात्मक पुतला फूंककर विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर रोष जताया। जोन अध्यक्ष लखविंदर सिंह मद्ध और चरण सिंह कलेर घुमाण की अगुवाई में आयोजित प्रदर्शन में वक्ताओं ने आरोप लगाया कि बाबा बकाला क्षेत्र की लिंक सड़कें बदहाल हैं और विकास कार्य अधूरे पड़े हैं। उन्होंने कहा कि एसडीएम बाबा बकाला की कार्यशैली के कारण लोगों की समस्याएं बढ़ रही हैं और प्रशासन जनहित के मुद्दों पर ध्यान नहीं दे रहा। चेतावनी दी गई कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो एसडीएम कार्यालय के बाहर धरना दिया जाएगा। प्रदर्शनकारियों ने गांवों में जल निकासी की खराब व्यवस्था, ओवरफ्लो होते तालाब, खाद की कथित कालाबाजारी, सरकारी अस्पतालों में अनियमितताओं, पुलिस की कार्यप्रणाली तथा ई-रजिस्ट्री व्यवस्था में लोगों को हो रही परेशानियों का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों और आम लोगों को विभिन्न विभागों में भ्रष्टाचार और अव्यवस्था का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शन में परगट सिंह लोहगढ़, कुलदीप सिंह, जसपाल सिंह, भगवान सिंह कालेके सहित अन्य पदाधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे।