अमृतसर के छेहरटा थाना क्षेत्र में देर रात गोलीबारी की सनसनीखेज घटना सामने आई, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार सागर उर्फ लव नामक युवक, जो स्थानीय निवासी है, पर अज्ञात हमलावर ने गोली चला दी। घायल युवक को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों के मुताबिक उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। मौके पर पहुंचे एसीपी शिव दर्शन ने बताया कि घटना उस समय हुई जब युवक अपने घर के बाहर खड़ा था और उसके साथ उसकी बहन भी मौजूद थी। इसी दौरान एक नकाबपोश युवक एक्टिवा पर आया और अचानक फायरिंग कर मौके से फरार हो गया। गोली युवक के पेट में लगी। पुलिस के अनुसार अभी तक किसी पुरानी रंजिश या धमकी की बात सामने नहीं आई है, लेकिन हर एंगल से जांच की जा रही है। इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और कुछ अहम सुराग भी मिले हैं। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि फिलहाल किसी गैंगस्टर कनेक्शन की पुष्टि नहीं हुई है, हालांकि इस पहलू से भी जांच जारी है। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद सियासत भी गरमा गई है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. राजकुमार वेरका ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए पंजाब की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में गुंडागर्दी बढ़ रही है और आम लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। वेरका ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है और मुख्यमंत्री को इसकी जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि एक-दो दिन में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तो कांग्रेस द्वारा बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा, जिसमें कमिश्नर और डिप्टी कमिश्नर कार्यालयों का घेराव भी शामिल होगा। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।