महिलाओं के सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अमृतसर सेंट्रल हलके में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। विधायक डॉ. अजय गुप्ता की अगुवाई में आम आदमी पार्टी के मुख्य कार्यालय में ‘अपना कारोबार, अपनी पहचान’ अभियान के तहत क्षेत्र की मेहनती और उद्यमी महिलाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान 100 से अधिक ऐसी महिलाओं को सम्मानित किया गया, जो छोटे-छोटे कारोबार चलाकर न केवल अपने परिवार का भरण-पोषण कर रही हैं, बल्कि समाज और अर्थव्यवस्था में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। विधायक डॉ. अजय गुप्ता ने महिलाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि महिलाएं समाज का 50 प्रतिशत हिस्सा हैं और वे घर व समाज दोनों जगह अहम भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि अपने पैरों पर खड़ी ये महिलाएं अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार महिलाओं की भलाई के लिए प्रतिबद्ध है। आगामी महिला दिवस पर पेश होने वाले बजट में महिलाओं के कल्याण को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी और सरकार महिलाओं से किए गए हर वादे को पूरा करेगी। इस मौके पर उपस्थित महिलाओं ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सम्मान से उन्हें नई पहचान और आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।