अमृतसर के गांव भुल्लर में बुधवार देर रात पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान मंजीत सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार मंजीत सिंह अपनी कार में एक चिकन शॉप के बाहर बैठा हुआ था। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार कुछ युवक वहां पहुंचे और आते ही उस पर फायरिंग शुरू कर दी। गोलियां लगने से मंजीत गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आसपास के लोगों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। मृतक के चाचा के बेटे मलकी सिंह ने बताया कि मंजीत सिंह की कुछ लोगों के साथ पुरानी रंजिश चली आ रही थी। इसी रंजिश को लेकर पहले भी साल 2024 में एक मामला दर्ज हुआ था।