अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय अवैध हथियार तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस मामले में 5 आरोपियों और एक नाबालिग को काबू किया है। आरोपियों के कब्जे से 5 आधुनिक पिस्तौल, 34 जिंदा कारतूस और एक तेजधार हथियार बरामद किया गया है। पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि बरामद हथियारों में ग्लॉक 9 एमएम, PX5 .30 बोर, टॉरस 9 एमएम, पाकिस्तान में बनी ग्रेटा 9 एमएम और एक .30 बोर पिस्तौल शामिल है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तान में बैठे हथियार तस्करों के संपर्क में थे और उनके कहने पर हथियारों की खेप मंगवाकर विभिन्न क्षेत्रों में सप्लाई करते थे।