पवित्र नगरी अमृतसर के प्रसिद्ध दुर्गियाना मंदिर में होली का उल्लासपूर्ण आगाज हो गया। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी, जहां भक्तों ने भगवान को गुलाल अर्पित कर रंगों का त्योहार श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया। मंदिर में सुबह से ही भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। जैसे ही होली उत्सव की शुरुआत हुई, श्रद्धालु भगवान के चरणों में रंग अर्पित करने लगे। पूरा परिसर "राधे-राधे" और "जय माता दी" के जयकारों से गूंज उठा। भक्त झूम-झूम कर नाचते नजर आए और एक-दूसरे को गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दीं। महिलाओं, युवाओं और बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला। कई श्रद्धालु पारंपरिक वेशभूषा में पहुंचे और भक्ति संगीत की धुन पर नृत्य करते रहे। मंदिर प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।