स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त के मद्देनजर अमृतसर पुलिस कमिश्नरेट ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस यात्रियों, उनके सामान और संदिग्ध वस्तुओं की गहन जांच कर रही है। एंटी डॉग स्क्वॉड की टीमें भी तलाशी अभियान में जुटी हैं। डीसीपी लॉ एंड ऑर्डर आलम विजय सिंह ने बताया कि यह अभियान पंजाब के डीजीपी गौरव यादव के दिशा-निर्देश और पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर के नेतृत्व में चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है तथा संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ा दी गई है। डीसीपी ने लोगों से अपील की कि यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति या लावारिस वस्तु दिखाई दे तो तुरंत पुलिस के आपातकालीन नंबर 112 या कंट्रोल रूम को सूचना दें। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई करेगी।