पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने जिला प्रबंधकीय परिसर में जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के तहत बनाए जा रहे कार्डों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अधिक से अधिक पात्र परिवारों के कार्ड बनाए जाएं और इसके लिए कैंपों की संख्या बढ़ाई जाए। मंत्री ने कहा कि योजना के तहत प्रत्येक परिवार को सालाना 10 लाख रुपये तक का नकद रहित स्वास्थ्य बीमा कवर दिया जा रहा है, ताकि मेडिकल आपात स्थिति में परिवारों पर आर्थिक बोझ न पड़े। उन्होंने बताया कि अब तक प्रदेश में लगभग 9 लाख कार्ड बनाए जा चुके हैं और यह संख्या जल्द 10 लाख से पार हो जाएगी। उन्होंने सिविल सर्जनों को सूचीबद्ध अस्पतालों में सुचारु पंजीकरण और इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। योजना के तहत सभी सरकारी अस्पतालों के साथ लगभग 600 निजी अस्पताल भी सूचीबद्ध किए गए हैं। डॉ. बलबीर सिंह ने विपक्ष पर अफवाहें फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार की गारंटी है कि हर परिवार को योजना का लाभ मिलेगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे भ्रामक प्रचार से सावधान रहें। प्रेस वार्ता के दौरान मंत्री ने बताया कि हाल ही में अमृतसर पुलिस ने स्वयं को स्वास्थ्य मंत्री बताकर एक डॉक्टर को फर्जी कॉल करने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। उन्होंने ऐसे ठगों को कड़ी चेतावनी दी कि भविष्य में इस तरह की हरकत करने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।