होला मोहल्ला के पावन अवसर पर आनंदपुर साहिब स्थित तख्त श्री केसगढ़ साहिब में आयोजित होने जा रहे पंथक अकाली सम्मेलन को लेकर ज्ञानी रघबीर सिंह ने महत्वपूर्ण स्पष्टीकरण जारी किया है। उन्होंने मीडिया के एक वर्ग द्वारा किए जा रहे उस प्रचार को सिरे से खारिज किया, जिसमें दावा किया जा रहा था कि वह सम्मेलन का हिस्सा नहीं बनेंगे। ज्ञानी रघबीर सिंह ने समूचे खालसा पंथ और संगत से अपील की कि ऐसे भ्रामक प्रचार से सतर्क रहें। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह पंथक अकाली सम्मेलन में अवश्य भाग लेंगे। उन्होंने कहा, “दुनिया के किसी भी कोने में जहां पंथ की बात होगी या चढ़दी कला के लिए कोई कार्य किया जाएगा, दास वहां सदैव उपस्थित रहेगा।” गौरतलब है कि होला मोहल्ला खालसा पंथ की वीरता, परंपरा और चढ़दी कला का प्रतीक है। इस अवसर पर होने वाले सम्मेलन में कौम के मौजूदा हालात और भविष्य की रणनीति पर विचार-विमर्श किया जाना है। ज्ञानी रघबीर सिंह के बयान से स्पष्ट हो गया है कि वह पंथक हितों के प्रति पूरी तरह समर्पित हैं और अफवाहों में कोई सच्चाई नहीं है।