अमृतसर के गांव वड्डाला भिटेवड्ड गांव में देर रात उस समय दहशत फैल गई जब अचानक गोलियों की आवाज से पूरा इलाका गूंज उठा। घटना में गांव का एक युवक दिलबाग सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार दो अज्ञात युवक मोटरसाइकिल पर आए और दिलबाग सिंह पर नजदीक से फायरिंग कर मौके से फरार हो गए। ग्रामीणों के मुताबिक दिलबाग सिंह घर में आराम कर रहा था कि अचानक बाहर गोलियों की आवाज सुनाई दी। परिवार और पड़ोसी बाहर निकले तो वह खून से लथपथ जमीन पर गिरा मिला। पुलिस को मौके से दो से तीन खाली खोखे भी मिले हैं। गोली उसके कंधे में लगी है, हालांकि हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
परिवार का आरोप है कि गांव के कुछ लोग नशा बेचते थे और दिलबाग ने उन्हें कई बार रोकने की कोशिश की थी, जिसके चलते झगड़ा भी हुआ था। उन्होंने कहा कि इसकी शिकायत कई बार पुलिस को भी दी गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
घटना की कवरेज करने पहुंचे मीडिया कर्मियों को ड्यूटी पर मौजूद पुलिस अधिकारी अजैपाल सिंह ने कैमरा हटाकर रोकने की कोशिश की, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। गांव में दहशत का माहौल है और लोगों ने प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की है ताकि गांव में नशा और गुंडागर्दी पर रोक लग सके।