फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के विरोध में अमृतसर में किसानों का प्रदर्शन

अमृतसर में किसान मजदूर संघर्ष समिति पंजाब की ओर से भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के विरोध में बुधवार को जोरदार प्रदर्शन किया गया। किसानों ने पंजाब रोडवेज डिपो से भाजपा कार्यालय तक रोष मार्च निकालते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और भाजपा कार्यालय के बाहर पुतला फूंककर अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन के दौरान किसान मजदूर संघर्ष समिति के नेता सरवन सिंह पंधेर ने कहा कि केंद्र सरकार किसानों, डेयरी किसानों और अन्य संबंधित पक्षों से चर्चा किए बिना भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस समझौते के लागू होने से विदेशी कृषि उत्पादों का आयात बढ़ेगा, जिससे देश के किसानों और डेयरी क्षेत्र को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है। उन्होंने मांग की कि सरकार इस मुद्दे पर किसान संगठनों के साथ खुली चर्चा करे और उनकी राय को महत्व दे। पंधेर ने कहा कि अमेरिका से सस्ती गेहूं और अन्य कृषि उपज आने की स्थिति में पंजाब, हरियाणा सहित कृषि प्रधान राज्यों की अर्थव्यवस्था प्रभावित हो सकती है। उन्होंने बताया कि इसी मुद्दे को लेकर पंजाब भर में भाजपा कार्यालयों और नेताओं के घरों के बाहर विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं। वहीं, किसान मजदूर संघर्ष समिति के जिला अध्यक्ष रणजीत सिंह कलेर बाला ने कहा कि भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के खिलाफ पूरे पंजाब में अर्थी फूंक प्रदर्शन आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि यह समझौता लागू हुआ तो कृषि क्षेत्र पर गंभीर प्रभाव पड़ेगा, जिसे किसान किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेंगे। उन्होंने बताया कि अमृतसर में किसानों ने पंजाब रोडवेज वर्कशॉप से भाजपा कार्यालय तक पैदल मार्च निकाला। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से किया गया ताकि किसी भी धार्मिक या सामाजिक गतिविधि में बाधा न पहुंचे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें