कुदरत की मार एक बार फिर किसानों पर भारी पड़ी है। तेज आंधी और बारिश (कुंदर) के चलते फसलों को भारी नुकसान हुआ है, जिससे किसान आर्थिक संकट में आ गए हैं। अमृतसर की भगतावाला दाना मंडी में पहुंचे किसानों ने अपनी व्यथा सुनाते हुए बताया कि इस बार भी उनकी मेहनत पर पानी फिर गया। किसानों का कहना है कि हर साल किसी न किसी प्राकृतिक आपदा के कारण उनकी फसल प्रभावित होती है। कभी तेज बारिश, कभी आंधी और कभी ओलावृष्टि उनकी तैयार फसल को बर्बाद कर देती है। इस बार कुंदर के कारण खेतों में खड़ी और कटी हुई फसल दोनों को नुकसान पहुंचा है। मंडी में मौजूद किसानों ने बताया कि खेती की लागत लगातार बढ़ रही है, लेकिन फसल खराब होने से उन्हें उचित आमदनी नहीं मिल पा रही। उन्होंने सरकार से मांग की है कि फसल नुकसान का जल्द सर्वे करवाकर उचित मुआवजा दिया जाए। किसानों ने चेतावनी दी कि अगर उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो आने वाले समय में खेती करना और भी मुश्किल हो जाएगा।