फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

किसान नेता सरवण पंधेर बोले शुकराना यात्रा के दौरान किसान मुख्यमंत्री से पूछेंगे सवाल

किसान मजदूर संघर्ष कमेटी पंजाब के प्रदेश नेता सर्वण सिंह पंधेर ने ऐलान किया है कि मुख्यमंत्री भगवंत मान जहां-जहां अपनी शुक्राना यात्रा या रैली के लिए जाएंगे, वहां किसान और मजदूर शांतिपूर्ण तरीके से पहुंचकर सरकार से सवाल पूछेंगे। उन्होंने कहा कि किसान मजदूर मोर्चा चैप्टर पंजाब के आह्वान पर आज रईया और जंडियाला गुरु के बीच चौहान गांव की ग्राउंड में बड़ा शांतिपूर्ण एकत्र किया जाएगा। मीडिया से बातचीत के दौरान पंधेर ने कहा कि आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल द्वारा गुरुघरों में माथा टेकने और तीर्थ यात्राओं के नाम पर रैलियां की जा रही हैं, जिनमें गांवों से लोगों को गाड़ियों में भरकर लाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब मुख्यमंत्री अमृतसर में श्री गुरु रामदास जी के दर पर माथा टेकने आएंगे, तब उन्हें पंजाब की वास्तविक स्थिति भी जनता को बतानी चाहिए। पंधेर ने आरोप लगाया कि पंजाब का किसान कर्ज के बोझ तले दबा हुआ है और किसान आत्महत्या करने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि राज्य के लाखों युवा नशे की चपेट में हैं और बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है। किसान नेता ने भारत-अमेरिका समझौते, बिजली बोर्ड के निजीकरण और प्रस्तावित बीज कानून को पंजाब की खेती के लिए खतरा बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि इन मुद्दों पर आम आदमी पार्टी की सरकार केंद्र की मोदी सरकार के साथ खड़ी नजर आ रही है। पंधेर ने कहा कि चुनावों के दौरान 23 फसलों पर एमएसपी की कानूनी गारंटी, कर्जमाफी और भ्रष्टाचार खत्म करने के वादे किए गए थे, लेकिन आज भी माइनिंग माफिया, ट्रांसपोर्ट माफिया और अन्य माफिया सक्रिय हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब के अधिकारों के मुद्दे पर कभी सभी विधायक एकजुट होकर राष्ट्रपति से मिलने नहीं गए, चाहे मामला बीबीएमबी का हो या अन्य अहम मुद्दों का। पंधेर ने आरोप लगाया कि सरकार जनता के मुद्दों से ज्यादा अपनी राजनीति चमकाने में व्यस्त है। अंत में उन्होंने किसानों, मजदूरों और मीडिया कर्मियों से बड़ी संख्या में पहुंचकर शांतिपूर्ण ढंग से अपनी आवाज उठाने की अपील की।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें