सचखंड श्री हरिमंदिर साहिब में हर रात होने वाला “सुख आसन” का दृश्य श्रद्धालुओं के लिए गहरी आस्था और रूहानियत का केंद्र बनता है। इस पवित्र परंपरा के तहत गुरु ग्रंथ साहिब जी को पूरे सम्मान के साथ पालकी साहिब में सुशोभित कर अकाल तख्त साहिब ले जाया जाता है। रात को निर्धारित समय पर यह प्रक्रिया शुरू होती है, जिसमें रागी जत्थों द्वारा गुरबाणी कीर्तन किया जाता है। पालकी साहिब को आकर्षक फूलों और वस्त्रों से सजाया जाता है, जबकि गुरु ग्रंथ साहिब जी को अत्यंत श्रद्धा के साथ उठाकर ले जाया जाता है। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहते हैं, जो “वाहेगुरु” के सिमरन के बीच इस दिव्य यात्रा के दर्शन करते हैं। पूरा परिसर आध्यात्मिक माहौल से सराबोर हो जाता है।