भारत-पाकिस्तान के बीच सीमा व्यापार बंद होने का सबसे अधिक असर अटारी और इसके आसपास के सीमावर्ती गांवों पर पड़ा है। कभी सीमा पार व्यापार के कारण आर्थिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र रहे इस इलाके में अब रोजगार के अवसर लगातार कम होते जा रहे हैं। अटारी के सरपंच हरप्रीत सिंह का कहना है कि व्यापार बंद होने से न केवल ट्रांसपोर्ट और कारोबार प्रभावित हुआ है, बल्कि हजारों परिवारों की आजीविका पर भी सीधा असर पड़ा है। रोजगार के अभाव में बड़ी संख्या में युवा बेरोजगार हैं और उनमें से कई नशे की गिरफ्त में जा रहे हैं, जो पूरे क्षेत्र के लिए गंभीर चिंता का विषय बन चुका है।