पंजाब में लगातार बढ़ रही गर्मी को देखते हुए पंजाब सरकार ने सरकारी दफ्तरों के समय में बड़ा बदलाव किया है। सरकार के नए आदेशों के अनुसार अब प्रदेश के सभी सरकारी कार्यालय सुबह 7:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक खुलेंगे। सरकार का कहना है कि इस फैसले का उद्देश्य भीषण गर्मी के बीच आम लोगों और कर्मचारियों को राहत देना है, ताकि सुबह के समय में दफ्तरों का कामकाज सुचारु रूप से निपटाया जा सके। इस संबंध में अमृतसर स्थित डीसी कार्यालय में मीडिया से बातचीत करते हुए दलविंदरजीत सिंह ने बताया कि पंजाब सरकार के नए आदेशों को तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी और कर्मचारी सुबह निर्धारित समय पर कार्यालय पहुंच चुके हैं और प्रत्येक विभाग में समय की पालना सुनिश्चित की जा रही है, ताकि लोगों के कार्य बिना किसी परेशानी के पूरे हो सकें। डीसी ने बताया कि पहले दिन कुछ लोग पुराने समय के अनुसार कार्यालय पहुंचे, जिसके कारण उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ा। प्रशासन की ओर से मीडिया के माध्यम से लोगों से अपील की जा रही है कि वे नए दफ्तर समय के अनुसार ही सरकारी कार्यालयों में आएं। उन्होंने कहा कि यदि लोग सुबह 7:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे के बीच कार्यालय पहुंचेंगे तो उनके कार्य आसानी से पूरे हो जाएंगे।