अमर शहीद धन-धन बाबा दीप सिंह जी के जन्मदिवस के पावन अवसर पर चाटीविंड रोड स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा शहीद गंज साहिब में शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से भव्य धार्मिक समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर गुरुद्वारा परिसर श्रद्धा और आस्था के रंग में रंगा नजर आया तथा संगतों की भारी भीड़ उमड़ी। समागम के दौरान श्री अखंड पाठ साहिब के भोग डाले गए। इसके उपरांत सिंह साहिब ज्ञानी बलविंदर सिंह जी ने पावन मुखवाक की कथा की, जबकि सचखंड श्री हरिमंदिर साहिब के मुख्य ग्रंथी ज्ञानी अमरजीत सिंह जी ने गुरबाणी का हुकमनामा लिया। समारोह में विशेष रूप से उपस्थित शिरोमणि कमेटी के प्रधान एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने संगत को बाबा दीप सिंह जी के जन्मदिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि बाबा दीप सिंह जी शहादत, त्याग और सेवा के अद्वितीय प्रतीक हैं। श्री दरबार साहिब की मर्यादा और पवित्रता की रक्षा के लिए उन्होंने अपना शीश अर्पित कर सिख इतिहास में अमिट छाप छोड़ी। एडवोकेट धामी ने कहा कि बाबा दीप सिंह जी दमदमी टकसाल के पहले मुखी थे और गुरु गोबिंद सिंह जी के आदेशानुसार उन्होंने गुरबाणी की प्रचार-प्रसार और शहादत के मार्ग को अपनाया। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे खंडे-बाटे की पाहुल लेकर गुरु वाले बनें, तभी ऐसे पावन पर्व मनाने की सार्थकता है। उन्होंने जानकारी दी कि रात्रि को विशेष दीवान सजाए जाएंगे तथा 27 जनवरी को महान अमृत संचार आयोजित किया जाएगा। देश-विदेश से पहुंची संगतों ने बाबा दीप सिंह जी के महान स्थान पर शीश नवाकर श्रद्धा अर्पित की।