कमिश्नरेट पुलिस अमृतसर ने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और डीजीपी गौरव यादव के दिशा-निर्देशों पर शहर में बड़े स्तर पर कासो (कॉर्डन एंड सर्च ऑपरेशन) चलाया। यह कार्रवाई समाज विरोधी तत्वों, गैंगस्टरों और नशा तस्करों के खिलाफ जारी अभियान का हिस्सा है। विशेष डीजीपी रेलवे शशि प्रभा द्विवेदी के मार्गदर्शन में तीनों पुलिस जोनों में यह ऑपरेशन चलाया गया, जिसमें 3 एडीसीपी, 5 एसीपी, 5 एसएचओ समेत कुल 385 पुलिसकर्मी और विशेष टीमें शामिल रहीं। यह ऑपरेशन शहर के 6 संवेदनशील इलाकों—अन्नगढ़, गुज्जरपुरा, गुमटाला, मुस्तफाबाद, मकबूलपुरा (गली नंबर 2 से 12) और श्री गुरु तेग बहादुर फ्लैट्स—में चलाया गया। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और जमानत पर बाहर आए लोगों की गतिविधियों की गहन जांच की गई। तीनों जोनों में अलग-अलग अधिकारियों की अगुवाई में कार्रवाई की गई। ज़ोन-1 में एडीसीपी सिटी-1 विशालजीत सिंह के नेतृत्व में अन्नगढ़ और गुज्जरपुरा में, ज़ोन-2 में एडीसीपी सिटी-2 श्रीवेनेला की अगुवाई में गुमटाला और मुस्तफाबाद में, जबकि ज़ोन-3 में एडीसीपी सिटी-3 हरपाल सिंह के नेतृत्व में मकबूलपुरा क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। पुलिस के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक कुल 17 कासो ऑपरेशन किए जा चुके हैं, जो अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में सक्रिय प्रयास को दर्शाते हैं।