पंजाब में लगातार हो रही बारिश ने सब्जी उत्पादक किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। अमृतसर के अजनाला क्षेत्र के गांव रोखा में करेला और अन्य सब्जियों की खेती करने वाले किसानों की फसलें भारी बारिश से बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। सबसे ज्यादा नुकसान करेला की फसल को हुआ है, जिससे किसानों को आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। किसानों ने बताया कि लगातार बारिश के कारण करेला की बेलों में सड़न लग गई है और खेतों में ही फसल खराब हो गई। करेला पीला पड़ने से उसकी गुणवत्ता भी प्रभावित हुई है, जिसके कारण मंडियों में उसे बेच पाना मुश्किल हो गया है। कई किसानों को मजबूरन पूरी फसल काटकर नष्ट करनी पड़ी, जिससे महीनों की मेहनत और लागत पर पानी फिर गया। किसानों का कहना है कि प्राकृतिक आपदाओं से फसलें पहले ही बर्बाद हो रही हैं, वहीं मंडियों में भी उन्हें उचित दाम नहीं मिल रहे। उनका आरोप है कि किसानों से करेला करीब 10 रुपये प्रति किलो खरीदा जाता है, जबकि बाजार में यही करेला 50 रुपये प्रति किलो या उससे अधिक कीमत पर बिकता है। इससे किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा। सब्जी उत्पादक किसानों ने राज्य सरकार से सब्जियों के विपणन के लिए प्रभावी नीति बनाने, न्यूनतम समर्थन मूल्य या न्यूनतम खरीद दर तय करने तथा किसानों को उचित दाम दिलाने की मांग की है। साथ ही, उन्होंने मौसम के दौरान दूसरे राज्यों से आने वाली सब्जियों पर नियंत्रण की भी मांग उठाई है, ताकि स्थानीय किसानों को अपनी उपज बेचने का बेहतर अवसर मिल सके। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं निकाला गया तो बड़ी संख्या में किसान सब्जियों की खेती छोड़ने को मजबूर होंगे, जिसका असर प्रदेश में सब्जियों के उत्पादन और उपलब्धता पर भी पड़ सकता है।