फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Amritsar: केंद्र सरकार के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन

कांग्रेस पार्टी की ओर से केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार रोष प्रदर्शन किया गया। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता एकत्रित हुए और केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री ओम प्रकाश सोनी भी मौजूद रहे। इस मौके पर मीडिया से बातचीत करते हुए ओपी सोनी ने केंद्र सरकार की नीतियों पर तीखे सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा अमेरिका के साथ की गई ट्रेड डील देश के हित में नहीं है। उनका कहना था कि यह समझौता किसानों, मजदूरों और व्यापारियों के लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है। सोनी ने कहा कि इस समझौते के तहत अमेरिका से आने वाले सामान पर भारत में फ्री ड्यूटी दी जा रही है, जबकि भारत से अमेरिका जाने वाले सामान पर करीब 18 प्रतिशत टैक्स लगाया जा रहा है। उनका आरोप है कि इस तरह के समझौते से देश की अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंच सकता है। उन्होंने मौजूदा समय में गैस सिलेंडरों की कमी को लेकर भी चिंता जताई। सोनी ने कहा कि देश के कई हिस्सों में लोगों को घरेलू गैस सिलेंडर नहीं मिल रहे और लोग गैस एजेंसियों के चक्कर काटने को मजबूर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कई जगहों पर सिलेंडर ब्लैक में बेचे जा रहे हैं, जहां 1500 रुपये का सिलेंडर 3000 से 3500 रुपये तक में मिल रहा है। सोनी ने कहा कि घरेलू गैस आम लोगों की बुनियादी जरूरत है और इसकी कमी से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके साथ ही उन्होंने पंजाब सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले लोगों से कई वादे किए गए थे, लेकिन उनमें से ज्यादातर अभी तक पूरे नहीं हुए। उन्होंने विशेष तौर पर महिलाओं को 1500 रुपये प्रतिमाह देने के वादे का जिक्र करते हुए कहा कि कई साल बीत जाने के बावजूद लोगों को इसका पूरा लाभ नहीं मिला है। अंत में ओपी सोनी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा देश और जनता के हितों के लिए खड़ी रही है। उन्होंने कहा कि जब भी देश में कोई मुश्किल आई है, कांग्रेस ने लोगों की आवाज बनकर संघर्ष किया है और आगे भी करती रहेगी। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शन केंद्र सरकार तक जनता की समस्याएं पहुंचाने के लिए किया गया है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें