अमृतसर के सरूप रानी सरकारी कॉलेज की छात्राओं ने ‘बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट’ प्रदर्शनी के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और कचरा प्रबंधन का संदेश दिया। छात्राओं ने बेकार पड़ी वस्तुओं और घरेलू कचरे से उपयोगी एवं आकर्षक सामान तैयार कर अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। प्रदर्शनी के दौरान विद्यार्थियों ने लोगों को रियूज और रिसाइकिल की महत्ता के बारे में जागरूक किया। उन्होंने रसोई से निकलने वाले जैविक कचरे से खाद तैयार करने, आसपास सफाई रखने और प्लास्टिक का कम से कम इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक भी प्रस्तुत किया। इसके माध्यम से प्लास्टिक से होने वाले पर्यावरणीय नुकसान, कचरा प्रबंधन और स्वच्छता को लेकर लोगों को जागरूक किया गया। छात्राओं ने संदेश दिया कि छोटी-छोटी आदतों में बदलाव कर पर्यावरण को प्रदूषण से बचाया जा सकता है। प्रदर्शनी में वेस्ट सामग्री से तैयार सजावटी सामान और दैनिक उपयोग की वस्तुओं ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। कॉलेज की ओर से विद्यार्थियों के प्रयास की सराहना करते हुए पर्यावरण संरक्षण के लिए ऐसे जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित करने पर जोर दिया गया।