अमृतसर देहाती पुलिस ने लोगों की सुविधा के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए करीब 300 गुमशुदा और चोरी हुए मोबाइल फोन उनके असली मालिकों को वापस सौंपे। इस मौके पर एक विशेष समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें मोबाइल प्राप्त करने वाले लोगों ने पुलिस का धन्यवाद किया। इस संबंध में जानकारी देते हुए एसएसपी सुहेल मीर खान ने बताया कि अमृतसर देहाती पुलिस की ओर से दूसरी बार मोबाइल वितरण समारोह आयोजित किया गया है। इससे पहले जनवरी महीने में भी करीब 300 मोबाइल फोन लोगों को वापस किए गए थे। अब मार्च महीने में दोबारा यह अभियान चलाया गया और लगभग 300 मोबाइल फोन उनके मालिकों तक पहुंचाए गए हैं। उन्होंने बताया कि इन मोबाइल फोन की कुल बाजार कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये है। एसएसपी ने बताया कि पुलिस की साइबर सेल, सीआर हेल्प डेस्क और विभिन्न थानों की टीमों ने तकनीकी तरीकों से मोबाइल फोन को ट्रेस कर रिकवर किया है। कई बार ये मोबाइल दूसरे जिलों या राज्यों तक पहुंच जाते हैं, जिससे उन्हें ढूंढना काफी मुश्किल हो जाता है, लेकिन पुलिस की समर्पित टीमों ने मेहनत कर यह संभव बनाया है। उन्होंने कहा कि कई लोगों की यह धारणा होती है कि मोबाइल गुम होने के बाद वापस नहीं मिल सकता, लेकिन आज का यह समारोह इस बात का प्रमाण है कि अगर सही तरीके से पुलिस के पास शिकायत दर्ज कराई जाए तो मोबाइल वापस मिल सकता है। उन्होंने कहा कि मोबाइल फोन के साथ लोगों का जरूरी डाटा और कई बार उनका कारोबार भी जुड़ा होता है, इसलिए पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेती है। एसएसपी सुहेल मीर खान ने लोगों से अपील की कि अगर किसी का मोबाइल गुम या चोरी हो जाए तो तुरंत पुलिस से संपर्क करें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर मोबाइल वापस दिलाया जा सके। उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस कम्युनिटी पुलिसिंग के तहत लोगों को बेहतर सेवाएं देने के लिए हमेशा प्रतिबद्ध है और आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।