अवैध खनन और रेत की गैरकानूनी ढुलाई के खिलाफ अजनाला पुलिस ने बुधवार तड़के बड़ी कार्रवाई की। डीएसपी अजनाला गुरदीप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने विभिन्न स्थानों पर नाकाबंदी कर रेत से भरे कई ट्रकों को रोककर कब्जे में लिया। पुलिस द्वारा वाहनों के दस्तावेजों के साथ-साथ रेत की माइनिंग और ढुलाई से संबंधित परमिट व अन्य कागजात की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, क्षेत्र में अवैध तरीके से रेत निकालने और बिना जरूरी दस्तावेजों के उसकी ढुलाई करने वालों पर लगातार नजर रखी जा रही है। इसी अभियान के तहत सुबह-सुबह विशेष चेकिंग की गई, जिसमें कई रेत से लदे वाहन पुलिस के हत्थे चढ़े। पुलिस की ओर से पकड़े गए वाहनों को माइनिंग विभाग के नियमों के अनुसार जांचा जा रहा है। यदि जांच में दस्तावेज या जरूरी माइनिंग अनुमति नहीं मिली तो संबंधित वाहन मालिकों और चालकों के खिलाफ नियमानुसार जुर्माने के साथ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। डीएसपी गुरदीप सिंह ने अवैध खनन और रेत की गैरकानूनी ढुलाई करने वालों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि कानून का उल्लंघन करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।