अमृतसर के थाना डिवीजन क्षेत्र के गोल बाग के निकट स्थित एक होटल में ठहरे यात्रियों का सामान चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जानकारी देते हुए एसीपी सेंट्रल अमृतसर सुरिंदर सिंह ने बताया कि होटल में चोरी की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया सामान भी बरामद कर लिया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। एसीपी सुरिंदर सिंह ने बताया कि आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि उसने पहले भी ऐसी वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि शहर में अपराध पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।