रेलवे फाटक बंद होने के बावजूद उसके नीचे से साइकिल लेकर रेलवे लाइन पार करने की कोशिश एक व्यक्ति को भारी पड़ गई। डीएमयू ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। जीआरपी ने शव को 72 घंटे के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है। जानकारी के अनुसार डीएमयू यात्री ट्रेन रेलवे फाटक से गुजर रही थी। इसी दौरान फाटक बंद था। करीब 40 से 45 वर्षीय एक व्यक्ति साइकिल समेत बंद फाटक के नीचे से निकलकर रेलवे लाइन पार करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान वह ट्रेन की चपेट में आ गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उसके सिर और पैरों पर गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार मृतक के पास से केवल साइकिल मिली है। उसकी पहचान से संबंधित कोई दस्तावेज या अन्य सामान बरामद नहीं हुआ। पुलिस आसपास के इलाकों और धार्मिक स्थलों के माध्यम से मृतक की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। जीआरपी ने शव को मोर्चरी में रखवाया है। 72 घंटे में पहचान नहीं होने पर नियमानुसार अगली कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने बीएनएस की धारा 194 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस की अपील: अधिकारियों ने लोगों से रेलवे फाटक बंद होने के दौरान जल्दबाजी न करने और फाटक के नीचे से रेलवे लाइन पार करने की कोशिश नहीं करने की अपील की है।