फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मजीठा में ASI की गोली मारकर हत्या

अमृतसर देहाती के मजीठा इलाके में नगर काउंसिल चुनावों से ठीक पहले एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। पंजाब पुलिस में तैनात एएसआई जोगा सिंह की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना ने न केवल पुलिस विभाग को झकझोर दिया है, बल्कि चुनावों के दौरान कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार, मृतक एएसआई जोगा सिंह गांव घनिए के के निवासी थे और अमृतसर पुलिस में सेवाएं दे रहे थे। बताया जा रहा है कि वह रोजाना की तरह सुबह करीब पांच बजे अपने घर से ड्यूटी के लिए निकले थे। जैसे ही वह मजीठा के पास फतेहगढ़ चूड़ियां रोड स्थित हमजा मोड़ के नजदीक पहुंचे, पीछे से आए अज्ञात हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमलावरों ने चार गोलियां चलाईं, जो सीधे जोगा सिंह को लगीं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही मजीठा पुलिस और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी गई। फोरेंसिक और तकनीकी टीमों ने घटनास्थल से सबूत जुटाने शुरू कर दिए हैं। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी कब्जे में ले ली है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। परिवार के सदस्यों और गांववासियों के मुताबिक जोगा सिंह बेहद ईमानदार और शांत स्वभाव के व्यक्ति थे तथा उनकी किसी के साथ कोई पुरानी रंजिश नहीं थी। परिजनों ने बताया कि न तो कोई लूटपाट हुई और न ही हमलावर कोई सामान लेकर गए। मृतक का पर्स, मोबाइल फोन और अन्य सामान मौके पर ही मिला है। परिवार ने इस वारदात को सोची-समझी साजिश बताते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। करीब 58 वर्षीय जोगा सिंह अपने पीछे पत्नी, एक बेटा और एक बेटी छोड़ गए हैं। दोनों बच्चे कनाडा में रहते हैं और विवाहित हैं। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में डर और गुस्से का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पुलिसकर्मी ही सुरक्षित नहीं हैं तो आम जनता की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी। गौरतलब है कि 26 मई को मजीठा में नगर काउंसिल चुनाव होने हैं और चुनावों से पहले हुई इस हत्या ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। पुलिस का दावा है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें