सोनीपत। संयुक्त किसान मोर्चा (गैर राजनीतिक) की तरफ से दिल्ली कूच के आह्वान के बाद मंगलवार दोपहर बाद से कुंडली-सिंघु बॉर्डर को पूरी तरह से बंद किया गया है। दिल्ली पुलिस व अद्र्धसैनिक बल के जवान मुस्तैद है। भारी वाहनों को केएमपी-केजीपी जीरो प्वाइंट पर से वाया लोनी बॉर्डर दिल्ली व वाया गुरुग्राम भेजा जा रहा है। नेशनल हाईवे पर बने फ्लाईओवर पर लोहे के कंटेनर मिट्टी भरकर रखे गए हैं। साथ ही भारी संख्या में लोहे व पत्थर के बैरिकेड लगाए गए हैं। फ्लाईओवर पर कंटीले तार, फिर सीमेंट के बड़े बैरिकेड लगाकर कंक्रीट भरी गई है। एक दर्जन से अधिक लोहे के कंटेनर मिट्टी भरकर रखे गए हैं।