फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रेवाड़ी: तीज और 15 अगस्त एक साथ, बाजार में बढ़ी रौनक; तिरंगा पतंगों की भी बढ़ी मांग

रेवाड़ी। इस बार 15 अगस्त और तीज का त्योहार एक ही दिन होने के कारण शहर के बाजारों में रौनक बढ़ गई है। शनिवार को तीज पर पतंगबाजी को लेकर लोगों में खासा उत्साह है। वहीं स्वतंत्रता दिवस के चलते तिरंगा पतंगों की मांग भी बढ़ गई है। बाजार में रंग-बिरंगी पतंगों के साथ तिरंगे के रंग और देशभक्ति से जुड़ी डिजाइन वाली पतंगें बच्चों और युवाओं को खूब पसंद आ रही हैं। पतंगों की दुकानों पर बच्चों से लेकर बड़ों तक की चहल-पहल बनी हुई है। दुकानदारों के अनुसार इस बार तीज और स्वतंत्रता दिवस एक ही दिन होने से पतंगों की बिक्री सामान्य दिनों की अपेक्षा अधिक रहने की उम्मीद है। खासकर तिरंगा पतंगों की मांग को देखते हुए दुकानदारों ने इनका अतिरिक्त स्टॉक मंगाया है। बाजार में अमृतसर स्पेशल, बरेली का डफ्फल, पैना, अड्डा, मंजोला, आदमी पतंग, चील पतंग, मटका, डोरेमोन, तिरंगा, रॉकेट, तीन उड़ता और कार्टून वाली पतंगें उपलब्ध हैं। पतंगों की कीमत तीन रुपये से लेकर 30 रुपये तक है, जबकि अमृतसर स्पेशल पतंग 100 से 150 रुपये तक बिक रही है। वहीं एक डोर का मांझा 150 से 250 रुपये और अच्छी गुणवत्ता वाला मांझा 1800 रुपये तक उपलब्ध है। जयपुर और बरेली से आ रही पतंगें शहर के पतंग व्यापारी अधिकांश पतंगें जयपुर से मंगवा रहे हैं। वहीं बरेली से पतंगों के साथ मांझा भी मंगाया जाता है। व्यापारियों के अनुसार बरेली की पतंगें महंगी होने के कारण जयपुर और दिल्ली में बनी पतंगों की बिक्री अधिक है। पतंगों के साथ पैराशूट की भी मांग बनी हुई है। रात के समय लोग पैराशूट उड़ाकर त्योहार का आनंद लेते हैं। थोक विक्रेता बंटू भटनागर व गौरव भटनागर ने बताया कि कोरोनाकाल के बाद इस साल पतंगों के बाजार में अच्छी रौनक देखने को मिल रही है। इस सीजन में करीब पांच करोड़ रुपये से अधिक के कारोबार की उम्मीद है। 15 अगस्त और तीज एक ही दिन होने से इस बार तिरंगा पतंगों की बिक्री भी बढ़ने की संभावना है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें