ग्रेटर नोएडा सेक्टर बीटा-1 में पार्कों की बदहाल स्थिति को लेकर निवासियों ने शुक्रवार को विरोध जताया। लोगों का आरोप है कि सेक्टर के अधिकांश पार्कों का रखरखाव ठीक ढंग से नहीं किया जा रहा, जिससे हरियाली खत्म होती जा रही है और पार्कों की सुंदरता भी नहीं बची है। निवासियों के अनुसार पार्कों की देखरेख का जिम्मा जिस ठेकेदार को सौंपा गया है, वह नियमित रूप से काम नहीं कर रहा। समय पर घास कटिंग नहीं होने से कई पार्कों में घास बड़ी हो गई है, जबकि कई स्थानों पर पानी न मिलने के कारण घास पूरी तरह सूख चुकी है। लोगों का कहना है कि सुबह-शाम टहलने और बच्चों के खेलने के लिए बने पार्क अब बदहाल नजर आने लगे हैं। स्थानीय निवासी हरेंद्र भाटी ने बताया कि कि कई बार संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार को शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन स्थिति में कोई खास सुधार नहीं हुआ। पार्कों में जगह-जगह सूखी घास, टूटे किनारे और गंदगी दिखाई दे रही है। सेक्टरवासियों का कहना है कि वरिष्ठ नागरिकों और महिलाओं को भी काफी परेशानी हो रही है। उनका कहना है कि यदि समय रहते पार्कों की देखभाल नहीं की गई तो सेक्टर की हरियाली पूरी तरह समाप्त हो सकती है। निवासियों ने प्राधिकरण से मांग की है कि पार्कों के रखरखाव की नियमित निगरानी की जाए और लापरवाही बरतने वाले ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाए।