पानीपत की गंगाराम कॉलोनी, कच्चा फाटक में शुक्रवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां एक लिव-इन पार्टनर ने 35 वर्षीय महिला उषा की गला रेतकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी युवक फरार हो गया। पुराना औद्योगिक थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शवगृह में रखवाया है। पुलिस के अनुसार, शुक्रवार सुबह पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, जहां उषा का शव कमरे में खून से लथपथ पड़ा मिला। प्रारंभिक जांच में पता चला कि महिला की तेजधार हथियार से गला रेतकर हत्या की गई। पड़ोसियों ने बताया कि उषा के पति की पहले ही मृत्यु हो चुकी थी, और वह एक युवक के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। दोनों के बीच कई दिनों से अनबन और कहासुनी चल रही थी। डीएसपी मुख्यालय सतीश वत्स ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह तेजधार हथियार से गला रेतकर हत्या का मामला प्रतीत होता है। पुलिस ने परिजनों को सूचित कर दिया है, लेकिन अभी तक परिजनों की ओर से कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं की गई है। पुलिस बयानों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।