बल्लभगढ़ में मुख्य बाजार स्थित एक हलवाई की दुकान पर फूड सेफ्टी विभाग ने मंगलवार की दोपहर को छापेमारी की। छापेमारी के दौरान खोया (मावा) और पनीर के सैंपल लिए गए। सभी सैंपल जांच के लिए लैब भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फूड सेफ्टी ऑफिसर डॉ. पुनीत ने बताया कि 7 दिसंबर को बजरंग दल के कार्यकर्ताओं की सतर्कता से मेवात से बल्लभगढ़ की ओर आ रही एक पिकअप को दिल्ली मुंबई एक्सप्रेस वे पर रोक लिया। पिकअप में भारी मात्रा में पनीर और क्रीम पाई गई। जिसका वजन करीब 800 किलो था और प्लास्टिक के ड्रमों में भरा हुआ था। पूछताछ के दौरान गाड़ी के चालक ने बताया कि यह पनीर बल्लभगढ़ स्थित रमेश चंद हलवाई की दुकान पर सप्लाई किया जाता था। इसी सूचना के आधार पर विभाग की टीम ने दुकान पर छापेमारी की।