आज बुधवार को कबीरधाम जिले में छत्तीसगढ़ जुझारू आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका कल्याण संघ के बैनर तले आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिकाओं ने कवर्धा शहर में रैली निकालकर ज्ञापन सौंपा है। सैकड़ों की संख्या में ये कलेक्ट्रेट कार्यालय तक पहुंचे हुए थे, जहां पर जमकर नारेबाजी करते हुए प्रशासन के अधिकारियों को पीएम, सीएम, केन्द्रीय व राज्य मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा है। संघ की जिला अध्यक्ष सोनबाई बंजारे ने बताया कि उनकी एकसूत्रीय मांग आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिका को शासकीय कर्मचारी घोषित किया जाना है। इस संबंध में कई बार ज्ञापन सौंपा जा चुका है। इसके बाद भी शासन की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जा रहीं है। आज एक दिन का प्रदर्शन किया है। आने वाले समय में मांग पूरी नहीं हुई तो एक सितंबर से सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिका हड़ताल पर चले जाएंगे। इसके अलावा मध्यप्रदेश की तर्ज पर प्रतिवर्ष 10 प्रतिशत मानदेय वृद्धि की जाए, पर्यवेक्षक भर्ती तत्काल निकाली जाए, आयु सीमा बंधन हो हटाते हुए 50 प्रतिशत में पदोन्नति दी जाए। सहायिकाओं को शत-प्रतिशत पदोन्नत किया जाए, उम्र का बंधन हटाया जाए। वहीं, मौके पर पोषण ट्रेकर एप में आने वाली विभिन्न समस्या के बारे में बताया गया।