फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Vidisha News: भाजपा नेता और अस्पताल संचालक पर छेड़छाड़ का केस दर्ज, युवती परिजनों के साथ पहुंची थाने

न्यूज डेस्क, अमर उजाला, विदिशा Updated Thu, 25 Jun 2026 05:17 PM IST

सिरोंज शहर में स्वास्थ्य सेवा और राजनीति दोनों से जुड़ा एक चेहरा विवादों में घिर गया है। संजीवनी अस्पताल के संचालक और स्थानीय भाजपा नेता डॉ. संजीव माथुर पर एक युवती ने इलाज के दौरान और घर पहुंचकर छेड़छाड़ व दुर्व्यवहार के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता की शिकायत पर सिरोंज थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। वहीं आरोपी डॉक्टर ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे साजिश बताया है।

पीड़िता के अनुसार पिछले कुछ हफ्तों से उसका इलाज संजीवनी अस्पताल में चल रहा था। युवती का आरोप है कि अस्पताल में भर्ती के दौरान उसे बेहोशी का इंजेक्शन देने के बाद उसके साथ गलत व्यवहार किया गया। युवती का दावा है कि आरोपी डॉक्टर बुधवार को इलाज का बहाना बनाकर उसके घर भी पहुंच गए और वहां भी छेड़छाड़ की। घटना के बाद युवती ने परिवार को पूरी बात बताई। इसके बाद परिजन उसे लेकर थाने पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई।

ये भी पढ़ें- शर्मनाक: चोरी के शक में युवक को बांधकर पीटा, गर्म तार से दागा; वो चीखता रहा पर नहीं रुके गांववाले

सिरोंज थाना प्रभारी ने बताया कि युवती की शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। पीड़िता के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और मेडिकल जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। घटनास्थल का निरीक्षण कर सबूत जुटाए जा रहे हैं। पुलिस ने कहा कि मामले की हर पहलू से निष्पक्ष जांच की जाएगी।

वहीं डॉ. संजीव माथुर ने आरोपों को पूरी तरह गलत और बेबुनियाद बताया। उनका कहना है कि युवती की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है और उन्हें फंसाने की कोशिश की जा रही है। उनकी ओर से भी थाने में शिकायत दी गई है और एफआईआर की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस जांच में सच्चाई सामने आ जाएगी। संजीवनी अस्पताल क्षेत्र का जाना माना निजी अस्पताल है और डॉ. माथुर भाजपा के स्थानीय नेता भी हैं। ऐसे में आरोपों के बाद तरह तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पीड़िता और आरोपी दोनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज, मेडिकल रिकॉर्ड और घटना के दिन घर पर मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें