फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Umaria News: करौंदी टोला स्कूल में नशे में धुत शिक्षक का वीडियो वायरल, पहले भी हुई कार्रवाई, नहीं सुधरे हालात

Fri, 12 Dec 2025 11:06 AM IST
उमरिया ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, उमरिया

उमरिया जिले की शिक्षा व्यवस्था एक बार फिर कटघरे में है। मानपुर जनपद पंचायत के तहत आने वाली शासकीय प्राथमिक शाला करौंदी टोला में शिक्षक चंद्रभान कोल नशे की हालत में मिले। जन शिक्षा केंद्र बिजौरी की टीम ने निरीक्षण किया तो वे बोलने-समझने की स्थिति में भी नहीं थे। टीम ने बातचीत की कोशिश की, लेकिन शिक्षक जवाब देने लायक नहीं थे।

गांव में मौजूद अभिभावकों ने बताया कि यह पहली घटना नहीं है। कई दिनों से वे इसी हालत में स्कूल आ रहे हैं और बच्चों को कोई पढ़ाई नहीं कराते। अभिभावक अभयराज सिंह ने उन्हें कई बार समझाया कि समय पर आएं और नशे से दूर रहें, लेकिन आदत में बदलाव नहीं आया। मामले को तब और गंभीरता मिली जब शिक्षक का नशे में लड़खड़ाते हुए का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया। वीडियो में उनकी हालत देखकर लोग शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बच्चों का भविष्य ऐसे शिक्षकों के भरोसे नहीं छोड़ा जा सकता।

ग्रामवासियों, जन शिक्षक, रोजगार सहायक, रसोईया और सरपंच ने मौके पर पंचनामा तैयार किया और घटना को दर्ज किया। ग्रामीणों ने साफ कहा कि पढ़ाई की हालत वैसे ही कमजोर है। ऊपर से शिक्षक का यह व्यवहार बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है।

ये भी पढ़ें- शेयर मार्केट एडवाइजरी के नाम पर चल रहा था धोखाधड़ी का धंधा, 13 लड़कियों समेत 19 लोग हिरासत में

ब्लॉक शिक्षा अधिकारी मानपुर पी वी प्रजापति ने बताया कि मामला उनके पास आधिकारिक रूप से नहीं पहुंचा है। इससे पहले भी चंद्रभान कोल को इसी तरह की हरकत पर निलंबित किया जा चुका है। बहाली के बाद उन्हें करौंदी टोला स्कूल में पदस्थ किया गया था, लेकिन अब फिर वही हाल दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि कार्रवाई जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से आने वाले आदेश के बाद ही होगी।

इस घटना ने जिले की शिक्षा व्यवस्था की निगरानी और जवाबदेही दोनों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीण अब कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों और बच्चों को सुरक्षित और गंभीर शिक्षण वातावरण मिल सके।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें