उमरिया स्थित बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व अपने बाघों के लिए विश्वभर में प्रसिद्ध है। जैसे-जैसे गर्मी बढ़ रही है, बाघ और बाघिनों ने अपने ठिकाने बदल लिए हैं। अब वे घनी झाड़ियों की बजाय पानी के स्रोतों के पास ज्यादा देखे जा रहे हैं। तालाब, सौसर और नाले इनके लिए न केवल पानी का जरिया बने हैं, बल्कि गर्मी से बचने के लिए ये वहीं डेरा डाल रहे हैं। ऐसा ही एक खूबसूरत दृश्य धमोखर बफर क्षेत्र में देखने को मिला, जब पर्यटकों ने एक बाघिन को अपने तीन शावकों के साथ पानी के पास अठखेलियां करते हुए देखा।
धमोखर बफर की यह प्रसिद्ध बाघिन, जिसे बफर वाली बाघिन के नाम से जाना जाता है, अपने शावकों के साथ तालाब के किनारे खेलती नजर आई। यह नजारा पर्यटकों के लिए किसी रोमांचक अनुभव से कम नहीं था। बाघिन और उसके शावक पहले तो तालाब के किनारे खेलते रहे, फिर धीरे-धीरे पानी के अंदर गए और प्यास बुझाई। यह दृश्य वहां मौजूद पर्यटकों ने अपने कैमरों में कैद कर लिया, जिसके बाद इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
यह भी पढ़ें: धर्म परिवर्तन नहीं करने वाली पत्नी से बच्ची छीनना चाहता है पति, दो साल से मायके में है पीड़िता
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में धमोखर बफर जोन विशेष रूप से बाघ दर्शन के लिए प्रसिद्ध होता जा रहा है। यहां अक्सर बाघों को देखा जा सकता है, लेकिन बाघिन को अपने तीन शावकों के साथ यूं खुले में पानी पीते हुए देखना दुर्लभ होता है। बाघिन अपने शावकों के साथ बेहद सहज दिखी, जिससे साफ जाहिर होता है कि यह इलाका अब उसका स्थायी ठिकाना बन चुका है।
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में सफारी करने वाले पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। विशेष रूप से धमोखर बफर जोन में बफर वाली बाघिन और उसके शावकों को देखने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं। बाघिन और उसके शावकों की मौजूदगी से यह इलाका वन्यजीव प्रेमियों के लिए और भी आकर्षक हो गया है।
यह भी पढ़ें: मध्यप्रदेश के प्रदेश स्तरीय कार्यालयों वाले विंध्याचल भवन में लगी आग, पहले भी हो चुके हैं कई हादसे
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, गर्मी के दौरान बाघों के मूवमेंट में बदलाव आना सामान्य बात है। पानी की जरूरत और ठंडी जगह की तलाश में बाघ आमतौर पर ऐसे स्थानों पर दिखाई देते हैं। वन विभाग भी इनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार निगरानी कर रहा है, ताकि पर्यटकों और बाघों के बीच सुरक्षित दूरी बनी रहे।
यह भी पढ़ें: दहेज हत्या मामले में पति सहित पांच दोषियों को आजीवन कारावास, ये रहा पूरा मामला
बफर वाली बाघिन और उसके शावकों का यह वीडियो देखकर वन्यजीव प्रेमी बेहद उत्साहित हैं। यह दृश्य न केवल रोमांचक था, बल्कि इससे यह भी स्पष्ट होता है कि बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में बाघों की संख्या अच्छी खासी बनी हुई है और यहां का वातावरण उनके लिए अनुकूल है। बाघों की यह मौजूदगी जंगल के स्वस्थ और संतुलित होने का संकेत देती है। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में आने वाले दिनों में पर्यटकों की संख्या और बढ़ने की संभावना है, क्योंकि हर कोई बफर वाली बाघिन और उसके शावकों को अपने कैमरे में कैद करने का मौका नहीं छोड़ना चाहता।