उमरिया जिले में एक व्यक्ति का बोरी में बंधा हुआ शव मिला है। घटना से इलाके में दहशत फैल गई। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर हत्या किसने और क्यों की।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान ग्राम आमडी के खैरा निवासी नारायण पिता फग्गू बैगा (30) के रूप में हुई है। उसका शव उसके घर से लगभग 1 किलोमीटर की दूरी पर खून से लथपथ हालत में मिला। आसपास के लोगों ने बताया कि जंगल में एक संदिग्ध बोरा पड़ा था, जिसमें से खून बह रहा था। पास जाकर देखा तो बोरे से दुर्गंध आ रही थी, जिसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बोरा खोला तो उसमें से नारायण का शव मिला। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी।
कोतवाली थाना के पुलिस अधिकारी बालेंद्र शर्मा ने बताया कि आमडी क्षेत्र में हिगन हदी खेरदी के पास एक शव मिला है। मृतक की पहचान कर ली गई है। केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। मृतक के परिजनों से भी पूछताछ की जाएगी। जांच में जो भी सामने आएगा उसके आधार पर आगे की कार्रवाई करेंगे।