फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Umaria News: अजाक्स संघ ने तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन, आरक्षित वर्ग के अधिकारों की रक्षा की मांग

न्यूज डेस्क, अमर उजाला, उमरिया Updated Fri, 11 Apr 2025 10:52 AM IST

उमरिया जिले के बिरसिंहपुर पाली में अखिल भारतीय अनुसूचित जाति और जनजाति अधिकारी-कर्मचारी संघ (अजाक्स) ने आरक्षित वर्ग के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ हो रहे भेदभाव के विरोध में मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। संघ ने मांग की कि अनुसूचित जाति और जनजाति वर्ग के कर्मचारियों के खिलाफ हो रहे अन्याय को रोका जाए और उनकी न्यायोचित मांगों को शीघ्र पूरा किया जाए।

अनुसूचित जाति-जनजाति कर्मचारियों के साथ भेदभाव का आरोप
अजाक्स संघ ने ज्ञापन में आरोप लगाया कि आरक्षित वर्ग के अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशासनिक प्रताड़ना झेलनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि इन कर्मचारियों के खिलाफ निराधार और झूठी शिकायतें दर्ज कर मानसिक उत्पीड़न किया जा रहा है। संघ ने यह भी आरोप लगाया कि सरकारी विभागों में योजनाबद्ध तरीके से आरक्षण को खत्म करने का प्रयास किया जा रहा है।

संघ की प्रमुख मांगें नवीन पदोन्नति नियम लागू हो – सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप नए पदोन्नति नियमों को तत्काल लागू किया जाए। बैकलॉग पदों की पूर्ति – अनुसूचित जाति, जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के रिक्त बैकलॉग पदों को जल्द भरा जाए। आउटसोर्सिंग में आरक्षण सुनिश्चित हो – ठेका पद्धति के अंतर्गत आरक्षण अधिनियम 1994 के तहत आरक्षित वर्ग को समुचित भागीदारी दी जाए। वरिष्ठता का सम्मान किया जाए – आरक्षित वर्ग के वरिष्ठ अधिकारियों को उनके पद के अनुसार जिम्मेदारी सौंपी जाए और कनिष्ठों को वरीयता देने की प्रक्रिया रोकी जाए। छात्रवृत्ति समय पर वितरित की जाए – अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति की राशि समय पर प्रदान की जाए। पुरानी पेंशन योजना लागू हो – मध्यप्रदेश के लोकसेवकों के लिए पुरानी पेंशन योजना बहाल की जाए। आदिवासी इलाकों में सड़क निर्माण – उमरिया जिले के पाली विकासखंड के आदिवासी बाहुल्य क्षेत्रों में शीघ्र सड़क निर्माण कराया जाए। भ्रष्टाचार पर सख्त कार्रवाई – पाली विकासखंड में 2.60 करोड़ रुपये की शासकीय राशि की कथित हेराफेरी की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
अजाक्स संघ ने दी आंदोलन की चेतावनी
संघ ने कहा कि बार-बार ज्ञापन देने के बावजूद उनकी मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। यदि सरकार शीघ्र निर्णय नहीं लेती है तो अजाक्स संघ आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। ज्ञापन सौंपने के दौरान अजाक्स संघ के जिलाध्यक्ष प्रीतम कोल, जिला महासचिव रामनरेश प्रजापति, ब्लॉक अध्यक्ष विनय कुमार, छात्र संघ (SC/ST) जिला उपाध्यक्ष सत्येंद्र प्रजापति, ओमप्रकाश सिंह, उमेश सिंह मार्को, संतोष मानिकपुरी, कृष्ण कुमार पाटकर, कमलेश सिंह और दुर्गेश कोल उपस्थित रहे।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें