सोमवार की सर्द सुबह एक बेदर्द मां अपने दो मासूम बच्चों को देवासगेट बस स्टैंड पर अकेला छोड़कर चली गई। सर्द हवाओं से कंपकंपाते बच्चों को देख किसी ने डायल 112 को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस उन दोनों बच्चों को थाने लेकर आई, उनके कपड़े बदलवाए और चाइल्ड लाइन को भी सूचना दी।
ये भी पढ़ें-जोबट में मजदूरी का झांसा देकर युवती से कथित ‘लव जिहाद’ की कोशिश, दो आरोपी गिरफ्तार, एक फरार
देवासगेट टीआई अनिला पाराशर ने बताया कि सुबह देवासगेट बस स्टैंड पर दो बच्चों को उनकी मां के द्वारा छोड़कर चले जाने की सूचना मिली थी, जिसके बाद डायल 112 के ड्राइवर विकास भाटी और आरक्षक तरुण दंडोतिया मौके पर पहुंचे और आसपास के लोगों से जानकारी ली। इसके बाद पुलिस साढ़े तीन साल के कान्हा और उसके दो साल के भाई काली को थाने ले आई। पुलिस ने सर्दी से कंपकंपा रहे दोनों मासूमों के यहां कपड़े बदले साथ ही चाइल्ड लाइन को भी सूचना दी गई।
सीसीटीवी से तलाशेगी पुलिस
थाना प्रभारी अनिला पराशर ने बताया कि महिला अपने चार साल के बेटे कान्हा और तीन साल की बेटी काली को सड़क किनारे छोड़कर चली गई। बच्चों को रोता देख राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। देवासगेट थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर दोनों को थाने ले आई। पुलिस अब आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर महिला की पहचान और लोकेशन पता लगाने की कोशिश कर रही है। महिला ने अपने बच्चों को क्यों छोड़ा, इसका कारण पता लगाया जा रहा है।