विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में रविवार को अभिनेत्री व पूर्व सांसद जयाप्रदा बाबा महाकाल के दर्शन करने पहुंची, जहां उन्होंने गर्भ गृह से बाबा महाकाल का पूजन अर्चन किया और नंदी हॉल में बैठकर ओम नमः शिवाय का जाप करते नजर आईं।
श्री महाकालेश्वर प्रबंध समिति के सहायक प्रशासक मूलचंद जूनवाल ने बताया कि प्रसिद्ध अभिनेत्री और पूर्व सांसद जयाप्रदा बाबा महाकाल के दर्शन करने मंदिर पहुंची थी, जहां उन्होंने गर्भगृह में बाबा महाकाल का पूजन अर्चन किया। गर्भग्रह में पूजन पंडित यश गुरु के द्वारा संपन्न करवाया गया, जिसके बाद जयाप्रदा नंदी हॉल में पहुंची, जहां बाबा महाकाल का ध्यान लगाने और अपनी मनोकामना नंदी जी के कान में कहने के बाद श्री महाकालेश्वर प्रबंध समिति द्वारा पंडित राम गुरु के द्वारा जयाप्रदा का सम्मान कर उन्हें बाबा महाकाल के प्रसादी और तस्वीर भेंट की गई।
इस दौरान जयाप्रदा ने मीडिया से कहा कि मैं बाबा महाकाल की अनन्य भक्त हूं और समय-समय पर बाबा के दर्शन करने आती रहती हूं। बाबा महाकाल सभी के अरमान पूरे करते हैं। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद देते हुए कहा कि उज्जैन में जो महाकाल कॉरिडोर का निर्माण किया गया है वह आलौकित और अद्भुत है।