मक्सी रोड स्थित बैंक ऑफ इंडिया में बीती रात बदमाशों द्वारा चोरी की नीयत से शटर तोड़कर वारदात को अंजाम देने का प्रयास किया गया। हालांकि, अपराधी बैंक के अंदर प्रवेश कर किसी भी तरह की चोरी नहीं कर पाए और मौके से फरार हो गए।
घटना की जानकारी गुरुवार सुबह बैंककर्मी सुमित सिसोदिया के बैंक पहुंचने पर मिली। उन्होंने शटर के ताले टूटे हुए देखे, जिसके बाद तुरंत पुलिस की डायल 112 पर सूचना दी गई। साथ ही बैंक मैनेजर शुभलक्ष्मी को भी घटना से अवगत कराया गया। सूचना मिलते ही सीएसपी दीपिका शिंदे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और पूरे मामले की गहन पड़ताल शुरू की। अपराध स्थल पर एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड को भी जांच के लिए बुलाया गया, जिन्होंने अपने स्तर पर सुराग तलाशने का प्रयास किया।
ये भी पढ़ें- कफ सिरप कांड: चेन्नई में ईडी की बड़ी कार्रवाई, जी. रंगनाथन और उनके परिवार की 2.04 करोड़ रुपये की कुर्क
बदमाशों की जल्द गिरफ्तारी का दावा
जांच अधिकारी सीएसपी दीपिका शिंदे के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि बदमाश चोरी की वारदात को अंजाम नहीं दे सके। पुलिस आरोपियों की पहचान करने और उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास जारी हैं।
सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही पुलिस
चोर बैंक में प्रवेश करने में सफल नहीं हो पाए और वारदात को अंजाम दिए बिना ही मौके से फरार हो गए। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। याद रहे कि एफएसएल की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर फिंगरप्रिंट और अन्य साक्ष्यों की जांच शुरू कर दी है।