बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन के रामघाट पर मंगलवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मां क्षिप्रा की सांध्य आरती के दौरान पंडे-पुजारियों और फूल विक्रेताओं के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी होती दिखाई दे रही है, जिसके बाद मारपीट शुरू हो जाती है। वीडियो में आरती में उपयोग किए जा रहे दीपकों से एक-दूसरे पर हमला करते लोग भी नजर आ रहे हैं। इस दौरान महिलाओं के साथ धक्का-मुक्की हुई और आरती देखने आए कुछ श्रद्धालु भी घायल हो गए। अचानक हुई इस घटना से घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
पढे़ं: महिला मौत मामले में आरोपियों को राहत, हाईकोर्ट ने कहा- आत्महत्या की संभावना से इनकार नहीं
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना के बाद रामघाट की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि घाट पर श्रद्धालुओं से पैसे मांगने और अभद्र व्यवहार की शिकायतें पहले भी सामने आती रही हैं, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से ऐसे विवाद लगातार बढ़ रहे हैं।
धार्मिक नगरी की छवि पर असर
घटना का वीडियो वायरल होने के बाद भी पुलिस की कार्रवाई को लेकर सवाल उठ रहे हैं। श्रद्धालुओं का कहना है कि रामघाट जैसे संवेदनशील धार्मिक स्थल पर स्थायी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
वायरल वीडियो में क्या दिखा
सांध्य आरती के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद और मारपीट।
आरती के दीपकों से एक-दूसरे पर हमला।
महिलाओं के साथ धक्का-मुक्की।
घबराए श्रद्धालु और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल।
पहले भी सामने आ चुकी हैं घटनाएं
मार्च 2026 : हरसिद्धि मंदिर के पास प्रसाद विक्रेताओं के बीच विवाद।
जनवरी 2026 : महाकाल मंदिर गेट पर श्रद्धालु से मारपीट का मामला।
दिसंबर 2025 : रामघाट पर मोबाइल चोरी के आरोप में तीन लोगों को पकड़ा गया था।
पुलिस का पक्ष
महाकाल थाना प्रभारी गगन बादल ने बताया कि वायरल वीडियो संज्ञान में आया है। दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।