उज्जैन में अपराध नियंत्रण और अवैध कारोबार पर लगाम लगाने के तहत प्रशासन ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 24,000 लीटर अवैध शराब को नष्ट किया। यह शराब विभिन्न थानों पर वर्षों से जब्त पड़ी थी, जिसकी अनुमानित कीमत 50 लाख रुपये बताई जा रही है। प्रशासन की यह कार्रवाई न सिर्फ एक कड़ा संदेश देने वाली है, बल्कि थानों में वर्षों से जमा पड़ी शराब के कारण हो रही अव्यवस्था को भी खत्म करने की दिशा में अहम मानी जा रही है।
नष्टीकरण की यह कार्रवाई उज्जैन शहर के रणकेश्वर ट्रेंचिंग ग्राउंड क्षेत्र में की गई, जहां 7 थानों पर वर्षों से जब्त शराब को एकत्रित कर बुलडोजर से नष्ट किया गया। शराब को पहले बोतलों से बाहर निकाला गया, फिर जेसीबी की मदद से बोतलों को कुचलकर नष्ट किया गया। इस पूरी प्रक्रिया को देखने के लिए बड़ी संख्या में अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें: सुहागरात से पहले सजी चिता, दुल्हन लेकर लौटे दूल्हे की चार घंटे बाद मौत; जेब में रह गया गिफ्ट; तस्वीरें
इस कार्रवाई का नेतृत्व एसपी प्रदीप शर्मा के मार्गदर्शन में किया गया, जबकि मौके पर आबकारी और राजस्व विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे। बताया जाता है कि प्रशासन की यह कार्रवाई मासिक अपराध समीक्षा बैठक के बाद तेज़ हुई। बैठक में यह तथ्य सामने आया था कि थानों के मालखानों में वर्षों से विभिन्न प्रकरणों में जब्त की गई शराब पड़ी है, जिससे विभागीय कार्यों में रुकावट आ रही है। कई थानों के कक्षों में शराब की पेटियां भरने के कारण न तो वे कमरे उपयोग में आ पा रहे थे और न ही रिकॉर्ड सुरक्षित रह पा रहा था।
ये भी पढ़ें: IPS की ट्रेनिंग बीच IAS के लिए चयन, आयुषी की 7वीं रैंक, बचपन में छूटा था पिता का साथ; कहानी
ऐसे में वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एक संयुक्त टीम बनाई गई, जिसमें पुलिस, आबकारी और राजस्व विभाग शामिल रहे। यह नष्टीकरण केवल कानूनी औपचारिकता नहीं, बल्कि एक बड़ी प्रतीकात्मक कार्रवाई भी थी, जो बताती है कि प्रशासन अवैध शराब कारोबार के खिलाफ गंभीर है और इस दिशा में ठोस कदम उठा रहा है। वहीं, यह भी साफ संकेत है कि थानों में जब्त सामग्री का व्यवस्थित प्रबंधन अब प्राथमिकता में है।
ये भी पढ़ें: आयुषी की सातवीं रैंक, रोमिल-ऋषभ ने किया कमाल, MP से इनका भी हुआ चयन; किसे मिला कौन सा स्थान?
एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि 107 प्रकरणों की 24 हजार लीटर शराब को आज नष्ट किया गया। इसमें अंग्रेजी और देसी, सभी तरह की मिक्स शराब शामिल है। यह शराब कई वर्षों से विभिन्न थानों में जब्त कर रखी गई थी। थानों में जगह की कमी, साफ-सफाई की स्थिति को देखते हुए और शराबबंदी को लेकर अवैध शराब को नष्ट करने की यह कार्रवाई की गई।