टीकमगढ़ जिले के बीरउ गांव में आबकारी टीम पर हमला करने वाले 6 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों के पास से लूटा हुआ सामान और आबकारी सब-इंस्पेक्टर की रिवॉल्वर भी बरामद की गई है।
टीकमगढ़ पुलिस कंट्रोल रूम में पूरे मामले का खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई ने बताया कि 10 जनवरी की शाम आबकारी विभाग की टीम ने टीकमगढ़ जिले के बीरउ गांव में अवैध शराब पकड़ने के लिए छापा मारा था। टीम ने संतोष यादव के घर पर अवैध शराब पकड़ी थी, लेकिन संतोष और उसके परिजनों ने टीम पर हमला कर दिया। इस दौरान आबकारी सब-इंस्पेक्टर विजय सिंह की सरकारी रिवॉल्वर और उनके कागजात छीन लिए गए थे। घटना के बाद सब-इंस्पेक्टर विजय सिंह ने दिगौड़ा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में सात आरोपियों पर मारपीट, शासकीय कार्य में बाधा और लूट का मामला दर्ज किया गया था।
आरोपियों को पकड़ने सात टीमों का किया गठन
पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सात टीमों का गठन किया गया था। लगातार छापेमारी के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि सभी आरोपी टीकमगढ़ के रमन्ना हर इलाके में एक साथ मौजूद हैं। पुलिस टीम ने वहां छापा मारा और छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से लूटा हुआ सामान, शासकीय दस्तावेज, रिवॉल्वर और एक देसी कट्टा भी बरामद किया गया है।
इन्हें किया गया गिरफ्तार
पुलिस ने घटना के मुख्य आरोपी रिंकू यादव, संटू, महेश विश्वकर्मा, वीरवती, खुशीराम और बृजलाल को गिरफ्तार कर लिया गया है। इनमें रिंकू यादव के खिलाफ पहले से भी कई मामले दर्ज हैं।