टीकमगढ़ जिले के बल्देवगढ़ ब्लॉक के ग्राम ढडकना अहार स्थित शासकीय प्राथमिक स्कूल में शिक्षक के शराब के नशे में स्कूल पहुंचने का मामला सामने आया है। सोमवार को हुई घटना का ग्रामीणों ने वीडियो बनाया था। वीडियो मंगलवार को सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया। कलेक्टर के निर्देश पर कराई गई जांच के बाद शिक्षक देवेंद्र श्रीवास्तव को निलंबित कर दिया गया।
ग्रामीणों का आरोप है कि शिक्षक देवेंद्र श्रीवास्तव पिछले कई दिनों से शराब के नशे में स्कूल पहुंच रहे थे। सोमवार को ग्रामीणों ने उनके व्यवहार का विरोध किया तो शिक्षक पर गाली-गलौज करने का आरोप है। इसके बाद ग्रामीणों ने शिक्षक का वीडियो बना लिया। वीडियो में शिक्षक के नशे में होने का दावा किया जा रहा है।
वीडियो बनाए जाने के दौरान ग्रामीणों ने स्कूल में मौजूद बच्चों से भी शिक्षक के बारे में जानकारी ली। कुछ बच्चों ने बताया कि शिक्षक अक्सर शराब के नशे में स्कूल आते हैं। वहीं, शिक्षक के बारे में सवाल किए जाने पर कुछ बच्चे डरे-सहमे नजर आए। ग्रामीणों ने मामले की जानकारी प्रशासन और शिक्षा विभाग को दी।
पढ़ें: MP: शिवभक्ति में डूबा सीहोर, लाखों की भीड़ के बीच निकली कांवड़; प्रदीप मिश्रा संग 11 किमी चले हजारों कांवड़िए
मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों से जांच कराई। जांच में शिक्षक के स्कूल आने और उनकी कार्यप्रणाली से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की गई। जांच प्रतिवेदन कलेक्टर को सौंपे जाने के बाद शिक्षक के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई।
कलेक्टर ने कहा कि शिक्षक का शराब का सेवन कर स्कूल पहुंचना गंभीर मामला है। शिक्षक पर छोटे बच्चों की शिक्षा और सुरक्षा की जिम्मेदारी होती है। ऐसे में नशे की हालत में विद्यालय पहुंचना अनुशासनहीनता है और इससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो सकती है।
ग्रामीणों ने शिक्षक के खिलाफ हुई कार्रवाई का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि स्कूल में बच्चों को सुरक्षित और बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलना चाहिए। ग्रामीणों ने स्कूलों में शिक्षकों की उपस्थिति और कार्यप्रणाली की नियमित निगरानी की मांग भी की।