टीकमगढ़ शहर की महेश्वरी कॉलोनी से 30 अगस्त की रात को एक ट्रैक्टर-ट्राली चोरी हो गई थी। फरियादी कमलेश ने इस संबंध में टीकमगढ़ कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें उन्होंने बताया कि उनके घर के बाहर खड़ी ट्रैक्टर-ट्राली को अज्ञात चोर चुरा ले गया है। इस ट्रैक्टर-ट्राली की कीमत लगभग ₹6 लाख है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
टीकमगढ़ के पुलिस अधीक्षक रोहित के निर्देशन में इस मामले की जांच के लिए एक पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिनमें ट्रैक्टर-ट्राली को टीकमगढ़ के चकरा रोड की ओर जाते हुए देखा गया।
संदेही से पूछताछ के बाद खुलासा
पुलिस अधीक्षक रोहित ने सोमवार शाम जानकारी देते हुए बताया कि कोतवाली पुलिस ने इस मामले में एक संदेही से पूछताछ की। संदेही, जो टीकमगढ़ के चकरा तिराहे का निवासी है, ने सख्ती से पूछताछ के बाद अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्राली को प्रेमपुरा गांव से बरामद किया। पुलिस अधीक्षक ने यह भी बताया कि आरोपी से लगातार पूछताछ जारी है, और पुलिस को उम्मीद है कि उससे चोरी की अन्य घटनाओं का भी खुलासा हो सकता है।